हरियाणा | हरियाणा के सोनीपत, जींद और गोहाना के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन इस रूट पर दौड़ने वाली है। यह ट्रेन पूरी तरह पर्यावरण-अनुकूल होगी और टिकाऊ परिवहन की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, भारत जर्मनी, फ्रांस, स्वीडन और चीन के बाद दुनिया का पांचवां देश होगा, जो हाइड्रोजन ट्रेन चलाएगा। ट्रेन को ईंधन देने के लिए जींद में हाइड्रोजन प्लांट का निर्माण जारी है, जबकि ट्रेन का इंजन तैयार हो चुका है। रेलवे इस प्रोजेक्ट को जल्द शुरू करने की योजना बना रहा है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्रेन की पहली झलक और इसकी तकनीक से जुड़ा वीडियो साझा किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से चलने वाली यह आठ कोच की ट्रेन उत्सर्जन के रूप में केवल पानी और भाप छोड़ेगी, जिससे प्रदूषण नहीं होगा। यह पारंपरिक डीजल ट्रेनों का एक स्वच्छ और बेहतर विकल्प साबित होगी।







