पलवल-:केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के भतीजे एवं भाजपा नेता उत्कर्ष चौधरी ने रविवार को बैंसलात क्षेत्र के गांव बड़ौली का दौरा किया। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका पगड़ी बांधकर और फूल मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव के विकास से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को उत्कर्ष चौधरी के समक्ष रखा।
ग्रामीणों ने सड़क,विकास कार्यों सहित अन्य स्थानीय जरूरतों को लेकर अपनी बात रखी।उत्कर्ष चौधरी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को संबंधित स्तर पर उठाकर जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।विपक्ष द्वारा भाजपा सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर उत्कर्ष चौधरी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें समान रूप से विकास कार्य करा रही हैं।उन्होंने विपक्ष के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। जनता सरकार के विकास कार्यों को देख रही है और सब कुछ जानती है।भाजपा नेता ने पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर भी स्पष्ट किया कि भाजपा में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन पूरी मजबूती के साथ एकजुट होकर काम कर रहा है। इस दौरान ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्कर्ष चौधरी के साथ विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की।







