अंबाला -:अंबाला में नेशनल हाईवे को खुलवाने की कार्रवाई के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई,जब कुछ हथियारबंद उपद्रवियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार,हमले में डीएसपी वीरेंद्र समेत 9 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के दौरान उपद्रवियों ने सरकारी संपत्ति और पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक,हाईवे को खुलवाने के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शनकारियों की मांग पर एफआईआर भी दर्ज कर ली गई थी। इसके बावजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर माहौल बिगाड़ना जारी रखा और पुलिस बल पर हमला कर दिया।पुलिस के अनुसार,भीड़ में शामिल लोगों ने तलवार, गंडासा, कुल्हाड़ी, भाला समेत अन्य हथियारों से पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया। हमले के दौरान सीआईए-02 प्रभारी पर तलवार से वार किया गया। हालांकि, बॉडी प्रोटेक्टर के कारण उनकी जान बच गई, लेकिन तलवार के वार से सुरक्षा उपकरण क्षतिग्रस्त हो गया।उपद्रवियों ने पुलिस के बैरिकेड्स तोड़ने के साथ-साथ कानून व्यवस्था की ड्यूटी में तैनात करीब आठ पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की। हाईवे से जुड़ी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।
घटना को लेकर थाना बलदेव नगर और थाना पंजोखरा साहिब में करीब 16 नामजद लोगों समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।पुलिस अब मौके पर मौजूद सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।पुलिस अधीक्षक अंबाला ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हिंसा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।







