Home Haryana 264 ग्राम हेरोइन के साथ तीन नशा तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त

264 ग्राम हेरोइन के साथ तीन नशा तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त

4
0

कैथल,बलिंदर -:जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सैल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कैथल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 264 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त की है।पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर नशे की रोकथाम और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एसआई जयभगवान की टीम सीवन बाईपास क्षेत्र में गश्त कर रही थी।

गश्त के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो गाड़ी में तीन युवक सवार हैं, जो चीका की ओर से नशीला पदार्थ लेकर कैथल-अम्बाला रोड की तरफ आने वाले हैं।सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस ने अम्बाला रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।कुछ समय बाद पुलिस को सूचना में बताए गए हुलिए और नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी आती दिखाई दी।पुलिस कर्मचारियों ने वाहन को रुकने का इशारा किया।चालक ने वाहन को रोकने के बजाय उसे वापस मोड़कर मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि,पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को रोक लिया और उसमें सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।पुलिस ने आरोपियों की पहचान पंजाब के तरनतारन जिले के गांव मालू वाला निवासी विशाल, गांव मुसे खुर्द वाला निवासी अजयदीप तथा हरप्रीत के रूप में की है।पुलिस के मुताबिक,मौके पर पहुंचे डीएसपी कैथल रमेश चंद्र की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आगे की दोनों सीटों के बीच बने बॉक्स में काले रंग की पॉलीथीन के अंदर पारदर्शी पन्नी में रखा 264 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ।

बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर थाना शहर कैथल में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एएसआई जगभान सिंह ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों के अनुसार,आरोपियों से पूछताछ कर नशीले पदार्थ की सप्लाई और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here