Home Haryana गुरुग्राम के  प्लास्टिक फैक्ट्री में  लगी  भीषण आग, कई घंटे चला राहत...

गुरुग्राम के  प्लास्टिक फैक्ट्री में  लगी  भीषण आग, कई घंटे चला राहत अभियान

1
0

गुरुग्राम  | गुरुग्राम के सेक्टर-112 स्थित द्वारका एक्सप्रेस-वे के पास शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में प्लास्टिक दाना तैयार किया जाता है, जिसके कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और दूर-दूर तक काले धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक फैक्ट्री से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद आग तेजी से पूरी यूनिट में फैल गई। देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटें आसमान तक पहुंचने लगीं। फैक्ट्री परिसर में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग को अलर्ट किया गया।

मौके पर दमकल विभाग की चार गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री और ज्वलनशील सामान मौजूद होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी कठिनाई आई। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की लगातार मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया।

राहत कार्य के दौरान दमकल टीम को मुख्य मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क बाधित होने की वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हुई। इसके बावजूद टीम ने वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करते हुए तेजी से कार्रवाई की और आग को आसपास की अन्य इकाइयों तक फैलने से रोक लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री में भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here