Home Crime कैथल में पुलिस मुठभेड़, डेरों में लूट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

कैथल में पुलिस मुठभेड़, डेरों में लूट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

2
0

बलिंदर कुमार, कैथल |  कैथल पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2022 में डेरों में हुई लूट और डकैती की वारदातों में वांछित दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशन में वांछित अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई तरसेम कुमार की टीम कलायत क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जिला अंबाला के शाहजादपुर निवासी रजत और मंगल, जो कैथल जिले में डेरों में हुई लूट-डकैती की कई वारदातों में वांछित हैं, खडालवा मंदिर क्षेत्र में रेकी कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। खडालवा मंदिर के पास बाइक सवार दो युवकों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो मटौर-बढ़सिकरी रोड पर रजबाहे के पास उनकी बाइक फिसल गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आरोपियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश लगातार फायरिंग करते रहे। जवाब में पुलिस टीम ने पहले पांच हवाई फायर किए। इस दौरान आरोपियों की ओर से चलाई गई एक गोली एचसी हरीश की बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए चार राउंड फायर किए, जिनमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और वे मौके पर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें काबू कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी रजत के दाएं पैर तथा मंगल के बाएं पैर में गोली लगी है। दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर कुल छह फायर किए थे। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी वर्ष 2022 में कैथल जिले के डेरों में हुई लूट और डकैती की छह वारदातों में वांछित थे। इसके अलावा हरियाणा और पंजाब के अन्य जिलों में भी दोनों के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here