रोहतक (अंकुर कपूर): भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम का अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय टीम की सदस्य सोनिया अपने पैतृक गांव जिला रोहतक के ब्रह्मणवास पहुंची। जहां उनके परिवार के साथ ग्रामीणों ने उसका दिल खोलकर स्वागत किया। मां ने तिलक लगाया तो ग्रामीण ने फूल-माला और नोटों की बौछार कर दी।
इस पल पर खुश सोनिया की मां ने कहा कि उसके पिता के देहांत के बाद उन्होंने बहुत गरीबी के दिन देखे। उसकी आज मेहनत सफल हो गई है और अब उसे लगता है कि परिवार के दिन अच्छे आएंगे। सोनिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां और अपने कोच को दिया है। कोच सुनील वत्स के अनुसार सोनिया का भविष्य काफी उज्जवल है और वह एक दिन भारतीय सीनियर टीम की सदस्य जरूर बनेगी। सोनिया के स्वागत से प्रभावित गांव की बच्चियों का कहना है कि सोनिया की सफलता के बाद अब और भी गांव की लड़कियां खेल में आगे निकलेगी।
सोनिया के गांव में पहुंचने पर जहां चारों तरफ खुशी का माहौल था वहीं ढोल-नगाड़े और बाजे के साथ स्वागत किया गया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उसने कहा कि वह अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां और अपने कोच को देती हैं उनका क्रिकेट से बचपन से ही लगाव था। सोनिया का अगला लक्ष्य भारत की सीनियर टीम में जगह बनाने का है।सोनिया सफलता की सीढ़ियों पर है इसलिए वह अब सारे गरीबी के दिन भूल जाएंगे।








