सोनीपत। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में रात दर्दनाक हादसा हो गया। विश्वविद्यालय के स्विमिंग पूल में डूबने से क्रिकेट में पीजी डिप्लोमा कर रहे छात्र निशांत गौतम की मौत हो गई। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर, छात्रों और परिजनों में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दक्षिण दिल्ली के गौतम नगर स्थित बी-200 निवासी निशांत गौतम खेल विश्वविद्यालय से एक वर्षीय क्रिकेट पीजी डिप्लोमा कोर्स कर रहे थे। वह विश्वविद्यालय के हॉस्टल में रह रहे थे और उनके कोर्स को पूरा होने में करीब दो महीने बाकी थे। इन दिनों विश्वविद्यालय में परीक्षाएं चल रही हैं और उनका पहला पेपर भी था।
जानकारी के अनुसार परीक्षा देने के बाद निशांत ने शाम के समय क्रिकेट मैच खेला था। इसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे वह नहाने के लिए स्विमिंग पूल में गए। उस समय उनके साथ अन्य छात्र, तरणताल स्टाफ और क्रिकेट कोच भी मौजूद थे। साथी छात्रों के मुताबिक निशांत अच्छे तैराक थे।
इसी दौरान अचानक वह पानी में डूब गए। घटना का पता चलते ही वहां मौजूद छात्रों और स्टाफ में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उन्हें बहालगढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देर रात तक विश्वविद्यालय परिसर और अस्पताल में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
घटना के बाद कई सवाल भी उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय मौजूद छात्रों और अन्य लोगों के बयानों में विरोधाभास सामने आया है। वहीं मृतक के घुटनों के पास चोट के निशान मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। परिजनों ने पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने की मांग की है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही निशांत के पिता दुष्यंत, मां और अन्य परिजन राई पहुंचे। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। निशांत शादीशुदा थे। उनकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी और उनका एक तीन वर्षीय बेटा है। उनकी पत्नी भी गर्भवती बताई जा रही हैं। निशांत के पिता दिल्ली पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर तैनात हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, स्विमिंग पूल की सुरक्षा व्यवस्था और मौके पर मौजूद कर्मचारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है।






