Home Crime हरियाणा में दिल दहला देने वाली वारदात: मां की हत्या कर 50...

हरियाणा में दिल दहला देने वाली वारदात: मां की हत्या कर 50 फुट गहरे कुएं में कूदा बेटा, हालत गंभीर

2
0

महेंद्रगढ़  | हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल स्थित कायमपुरा मोहल्ले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 70 वर्षीय मां की हत्या करने के बाद खुद 50 फुट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

पुलिस के अनुसार, कायमपुरा निवासी करीब 45 वर्षीय सुनील कुमार ने देर रात अपनी मां ब्रह्मादेवी के साथ मारपीट की। इस दौरान बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर से निकल गया और सब्जी मंडी के पास शंकर भगवान मंदिर के निकट स्थित गहरे कुएं में कूद गया।

सुबह जब आसपास के लोग सब्जी मंडी पहुंचे तो उन्होंने एक व्यक्ति को कुएं में गिरते देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद करीब सात बजे घायल सुनील को कुएं से बाहर निकाला गया। कुएं की गहराई करीब 50 फुट बताई जा रही है और उसमें नीचे काफी कूड़ा भी पड़ा था, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को पहले नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया।

इधर, सुबह काफी देर तक ब्रह्मादेवी घर से बाहर नहीं निकलीं तो उनकी जेठानी घर पहुंची। वहां महिला का शव पड़ा मिला, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक, सुनील मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था। नशे की हालत में वह अक्सर अपनी मां से झगड़ा करता रहता था। घर में मां और बेटा अकेले रहते थे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि घायल के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here