करनाल | हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की करनाल यूनिट ने थाना होडल क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर एक कैंटर से 380 किलो 402 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान तीन महिलाओं सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। यह ऑपरेशन निरीक्षक ऋषिपाल सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में हिसार और हांसी के लोग भी शामिल हैं। मुख्य आरोपी प्रेम महतो, निवासी प्रेम नगर, हांसी (जिला हिसार), के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं और वह फिलहाल जमानत पर बाहर था।
इसके अलावा गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में —
उत्तम, निवासी वार्ड नंबर-1, हांसी (हिसार); सुमन, निवासी गांव कुम्बा, हिसार (वर्तमान में एम्प्लॉइज कॉलोनी, हांसी); सुंदरा, निवासी मनाना रोड, समालखा (जिला पानीपत); माया, निवासी गांव कुम्बा, हिसार; और राम किशन, निवासी गांव बिशनपुरा, थाना सदर (जिला जींद) — शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से राज्य में गांजा तस्करी में सक्रिय था। फिलहाल, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।







