पलवल, सुंदर कुंडू -:पलवल के गांव रसूलपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में चल रहे 10 दिवसीय एनसीसी शिविर में सोमवार को छात्राओं को हथियार संचालन और फायरिंग का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में बड़ी संख्या में शामिल कैडेट्स ने उत्साह के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लिया। इस दौरान प्रशिक्षकों ने छात्राओं को सुरक्षा नियमों, हथियारों के इस्तेमाल और अनुशासन के महत्व की जानकारी दी।
4वीं हरियाणा गर्ल्स बटालियन के अधिकारी अमित कुमार बिष्ट ने बताया कि नेशनल कैडेट कॉर्प्स देश की एक प्रमुख संस्था है, जो युवाओं खासकर बेटियों के व्यक्तित्व विकास और सैन्य प्रशिक्षण का कार्य करती है। हरियाणा के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों की छात्राएं एनसीसी कैडेट्स के रूप में जुड़कर यहां प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में कैडेट्स को ड्रिल, मैप रीडिंग, हथियार संचालन और फायरिंग जैसी गतिविधियों की ट्रेनिंग दी जा रही है।अमित कुमार बिष्ट ने कहा कि इस तरह के शिविर भविष्य के जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का माध्यम हैं। उनका कहना था कि बेटियों को फायरिंग और सैन्य अनुशासन की ट्रेनिंग देना देश के नवनिर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि शिविर में दिया जा रहा प्रशिक्षण छात्राओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। चाहे भविष्य में ये बेटियां सेना में जाएं या किसी अन्य क्षेत्र में अपना करियर बनाएं, लेकिन यहां सीखा गया टाइम मैनेजमेंट और अनुशासन जीवनभर उनके काम आएगा।उन्होंने बताया कि एनसीसी कैडेट्स को सेना और पैरामिलिट्री फोर्स में भर्ती के दौरान प्राथमिकता भी दी जाती है। शिविर में भाग लेने वाली करीब 600 छात्राएं पूरी तरह से सेल्फ मोटिवेटेड हैं और उन्हें केवल सही दिशा दिखाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेटियों में आगे बढ़ने और कुछ कर गुजरने का जज्बा साफ दिखाई देता है।शिविर में मौजूद सेना अधिकारी जे.एस. लांबा ने भी कैडेट्स का उत्साह बढ़ाया और कहा कि अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति जैसी भावनाएं एनसीसी प्रशिक्षण का मुख्य आधार हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में संयम बनाए रखना और जरूरत पड़ने पर देश सेवा के लिए तैयार रहना ही एनसीसी का उद्देश्य है।







