नारनौल (एकता): हरियाणा के नारनौल में उस समय खुशियां मातम में बदल गई जब पिता के सेवानिवृत्ति कार्यक्रम से ड्यूटी लौट रहे ITBP जवान की हादसे में दर्दनाक मौत हुई।
मीडिया सूत्रों के अनुसार हादसा ग्रीन कोरिडोर 152-डी एक्प्रेस हाईवे पर स्थित गांव गोवाणा-दुबलाना टोल टैक्स के पास हुआ। जहां किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाइयों में से एक की मौत हो गई, जबकि एक घायल बताया जा रहा है। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार मृतक के परिजनों को हादसे की खबर मिलते ही घर में मातम का माहौल छा गया। उन्होंने बताया कि गांव अमरपुरा निवासी आईटीबीपी जवान बैरोन सिंह (34) व उसका छोटा भाई धर्मबीर (31) जो आर्मी में तैनात हैं। उसके पिता रामनाथ हरियाणा पुलिस में तैनात थे। वे दोनों अपने पिता की सेवानिवृत्त कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद वह ड्यूटी पर जा रहे थे। बता दें कि हादसे में मरने वाले जवान के 3 बच्चे हैं। जिनके ऊपर से अब पिता का साया उठ गया है।







