Home Haryana सहकारिता से आत्मनिर्भर भारत का सपना होगा साकार : गौरव गौतम

सहकारिता से आत्मनिर्भर भारत का सपना होगा साकार : गौरव गौतम

9
0

सुंदर कुंडू , पलवल | सहकारिता विभाग हरियाणा और हरियाणा राज्य सहकारी विकास प्रसंघ लिमिटेड (हरकोफैड) पंचकूला की ओर से रविवार को पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में जिला स्तरीय सहकारी जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा मामले तथा कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

सेमिनार में हरको बैंक के चेयरमैन हुकुम सिंह भाटी, उपायुक्त जयेन्द्र सिंह छिल्लर, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, पलवल सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशक द्विजा तथा हरकोफैड के प्रबंध निदेशक नरेश गोयल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने वाला प्रभावी मॉडल है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों (सेल्फ हेल्प ग्रुप) से जुड़ी महिलाओं ने सहकारिता आंदोलन को नई दिशा दी है। महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं।

उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक आर्थिक सहायता और विकास का लाभ पहुंचाना है।

गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। सहकारिता क्षेत्र इस अभियान का महत्वपूर्ण आधार है और इसके माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया गया है तथा सहकारिता के माध्यम से लाखों परिवारों को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने पलवल जिले को सहकारिता के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ता हुआ जिला बताते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को सहकारिता आंदोलन से जोड़ना, सहयोग की भावना को बढ़ावा देना और “सहकार से समृद्धि, समृद्धि से आत्मनिर्भरता” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कॉमनवेल्थ खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने देश और तिरंगे का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान खेलों से है और खेलों की पहचान हरियाणा से है।

वहीं चुनाव आयोग की एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गौरव गौतम ने कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए चलाई जा रही है। इसके तहत नए मतदाताओं को जोड़ा जा रहा है और त्रुटियों को दूर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है, जबकि चुनाव आयोग पूरी पारदर्शिता के साथ अपना कार्य कर रहा है।

सेमिनार में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सहकारिता आंदोलन को और मजबूत बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने पर विशेष जोर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here