Home Haryana बहादुरगढ़ में आग का कहर, वाहन जलकर हुए राख

बहादुरगढ़ में आग का कहर, वाहन जलकर हुए राख

2
0

बहादुरगढ़  | बहादुरगढ़ में वीरवार को दो अलग-अलग जगहों पर आग लगने की घटनाओं से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पहली घटना एमआई पार्ट-2 स्थित रेडक्रॉस रोड की है, जहां सुबह करीब 8 बजे कबाड़ के ढेर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी दो पिकअप गाड़ियां और एक कैंटर उसकी चपेट में आ गए और देखते ही देखते तीनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए।

आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और इसे अज्ञात कारणों से लगी आग माना जा रहा है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

दूसरी घटना बहादुरगढ़ के भागलपुरी चौक की है, जहां बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से जोरदार धमाके हुए और पूरा इलाका दहल गया। आग लगते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले ट्रांसफार्मर से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। आग की वजह से कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू फायर ब्रिगेड ने पाया।

दोनों ही घटनाओं में राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। पुलिस और संबंधित विभाग दोनों मामलों की जांच कर रहे हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here