फरीदाबाद,अनिल मंगला -:फरीदाबाद में बढ़ते डेंगू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के मौके पर विभाग की ओर से शहर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।अधिकारियों और कर्मचारियों ने बैनर और पोस्टर के जरिए लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।
राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर फरीदाबाद स्वास्थ्य विभाग ने शहर के विभिन्न इलाकों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घरों और आसपास पानी जमा न होने देने का संदेश दिया।
अभियान के तहत लोगों को बताया गया कि कूलर,गमले,पुराने टायर और अन्य जगहों पर जमा पानी डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के पनपने का मुख्य कारण बनता है। विभाग की टीम ने लोगों से सप्ताह में एक दिन “ड्राई डे” मनाने और घर व आसपास की नियमित सफाई रखने की अपील की।स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि बदलते मौसम में डेंगू का खतरा तेजी से बढ़ता है, इसलिए समय रहते सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। लोगों को पूरे बाजू के कपड़े पहनने, मच्छरदानी और मच्छर भगाने वाले रिपेलेंट का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी गई।स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जागरूकता और साफ-सफाई ही डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।विभाग आने वाले दिनों में भी इसी तरह के अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करता रहेगा।







