Home Haryana रेवाड़ी में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 1066 वाहन...

रेवाड़ी में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 1066 वाहन चालकों के चालान

14
0

रेवाड़ी (हरियाणा)। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ रेवाड़ी जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग नियमों की अनदेखी करने पर कुल 1066 वाहन चालकों के चालान काटे। कार्रवाई में शराब पीकर वाहन चलाने, तेज आवाज में संगीत बजाने, प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने, बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखों जैसी आवाज निकालने और गलत तरीके से लेन बदलने वाले चालकों को निशाने पर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चार चालकों के चालान किए गए। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना बेहद खतरनाक है। इससे न केवल चालक की जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में आ जाती है। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाना दंडनीय अपराध है।

एसपी ने बताया कि तेज आवाज में संगीत बजाने, प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने और बुलेट मोटरसाइकिल में अवैध मॉडिफिकेशन के जरिए पटाखों जैसी तेज आवाज निकालने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस श्रेणी में चार वाहन चालकों के चालान किए गए। इसके अलावा बिना अनुमति लाल-नीली बत्ती का इस्तेमाल करने वाले एक वाहन चालक पर भी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई लेन बदलने से जुड़े यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ हुई। ऐसे 1057 वाहन चालकों के चालान काटे गए। पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित लेन में वाहन चलाएं और सड़क पर अनुशासन बनाए रखें। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here