यमुनानगर | यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक महिला की गोद से उसका डेढ़ वर्षीय बच्चा अचानक रेलवे ट्रैक पर गिर गया। गिरते ही बच्चे को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत जीआरपी को सूचना दी। पुलिस की मदद से बच्चे को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
राजकीय रेलवे पुलिस के जांच अधिकारी बोधराज और बलजीत सिंह ने बताया कि महिला प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर अपने बच्चे के साथ चल रही थी, तभी अचानक बच्चा उसकी गोद से नीचे गिर गया और रेल लाइनों पर जा पड़ा। गिरने से उसे सिर में गंभीर चोटें आईं।
नागरिक अस्पताल के डॉक्टर विशाल ने बताया कि जब बच्चा अस्पताल लाया गया तो वह अचेत अवस्था में था। स्थिति गंभीर होने के कारण उसे वेंटीलेटर सपोर्ट पर चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया है।
इस हादसे के बाद स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्टेशन पर सुरक्षा उपायों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।







