अंबाला-:उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की निदेशक अनीता सहगल ने शुक्रवार को अंबाला छावनी स्थित 66 केवी सब स्टेशन और सब डिवीजन का दौरा कर बिजली व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे बिजली प्रोजेक्ट्स, उपभोक्ताओं को दी जा रही सुविधाओं और गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति को लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
दौरे के दौरान अनीता सहगल ने कहा कि बीती रात आए आंधी और तूफान के कारण कई इलाकों में बिजली बाधित होने की शिकायतें मिली थीं। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टूटे हुए बिजली के पोल और तारों को तुरंत ठीक किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।उन्होंने बताया कि ऊर्जा मंत्री के निर्देशों के तहत बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार नए कदम उठाए जा रहे हैं। पहले बिजली गुल होने पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब 30 केवी सब स्टेशन को अपग्रेड कर 66 केवी बनाए जाने और नई बिजली लाइनें व ट्रांसफार्मर लगाए जाने से व्यवस्था पहले से काफी बेहतर हुई है।इस मौके पर उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीओ दिलीप सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए विभाग ने पहले ही पुरानी तारों को बदलने का काम पूरा कर लिया है। साथ ही ट्रांसफार्मरों में तेल की मात्रा की जांच और बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने के लिए नए ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था भी की गई है।उन्होंने कहा कि बिजली चोरी करने वालों और बिल न भरने वाले डिफॉल्टरों के खिलाफ भी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। विभागीय टीमें नियमित रूप से गली-मोहल्लों में चेकिंग अभियान चला रही हैं और नियम तोड़ने वालों से जुर्माना वसूला जा रहा है। कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसडीओ ने यह भी बताया कि वर्ष 2022 से 2025 तक नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को विभाग की ओर से सब्सिडी सहित सोलर पैनल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी,जिससे उपभोक्ताओं को बिजली बचत के साथ आर्थिक लाभ भी मिलेगा।







