चंडीगढ़ | हरियाणा में हाल ही में हुई बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के असर से प्रदेश के मैदानी इलाकों में ठंडक बढ़ गई है, जिससे सुबह और शाम के समय लोगों को फिर हल्की ठिठुरन महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही आगामी दिनों में मौसम और अधिक सक्रिय रहने के संकेत मिल रहे हैं। 19 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
20 मार्च को हरियाणा के अधिकांश जिलों में वर्षा होने के आसार हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे मौसम और अधिक ठंडा हो सकता है।
तापमान की बात करें तो प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, हालांकि औसत अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। नूंह में सबसे अधिक तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुरुग्राम में 32.0 डिग्री, पलवल में 32.2 डिग्री और अंबाला में 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह स्थिति चिंता का कारण बन सकती है। विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे संभावित ओलावृष्टि और तेज हवाओं को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से कर लें।







