अंबाला (अकुंर कपूर): दिवाली के दिनों में बाज़ारों में रौनक देखने को मिलती है। सभी लोग बाज़ारों में दिवाली की खरीदारी करने आते हैं। कुछ लोग शोरूम से खरीदारी करते है तो कुछ ऐसे भी लोग है, जो दुकानों के बाहर बैठकर दिवाली पर घर की सजावट का सामान बेचते है उन लोगों से सामान खरीदते है। जब मीडिया ने फुटपाथ पर बैठकर दिवाली का सामान बेचने वालों से बात की तो उनका मन भर आया और वो कहने लगे कि हमें नहीं पता होता, जब सुबह हम घर से सामान बेचने के लिए आते है कि हमारा कितना सामान बिक पाएगा और हमारे घर का खर्चा चल पाएगा या नहीं।

उन्होंने बताया कि हम दिवाली पर लोगों की घर की सजावट करने के लिए सामान बेचते हैं पर हमें नहीं पता दिवाली पर हम घर की सजावट कर पाएंगे या नहीं। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि हमारे से भी सामान खरीदे ताकि हम भी दिवाली अच्छे से मना पाएं। वहीं उन लोगों को अबकी बार दिवाली पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है। उनका कहना है कि अगर लोग हमसे सामान खरीदेंगे तो हम भी अपने बच्चों को दिवाली पर अच्छे उपहार दे पाएंगे।

दिवाली का सामान बेचने वाली महिला अंजू बाला ने बताया कि कोरोना काल के बाद अबकी बार दिवाली पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि बहुत से लोग शोरूम से सामान न खरीदकर हमसे सामान खरीद रहे हैं और हमारी दिवाली अबकी बार अच्छी लगेगी।








