चंडीगढ़ | हरियाणा के हालिया राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में अंदरूनी विवाद गहराता नजर आ रहा है। पार्टी के कुछ विधायकों पर क्रॉस वोटिंग और वोट रद्द होने के आरोपों के बीच सिरसा से विधायक गोकुल सेतिया ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की है।
बताया जा रहा है कि चुनाव के दौरान पांच विधायकों पर पार्टी लाइन से हटकर वोट करने के आरोप लगे, जबकि चार वोट निरस्त भी हो गए। हालांकि, कांग्रेस नेतृत्व की ओर से अब तक इन विधायकों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। इसी बीच, सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों में गोकुल सेतिया का नाम भी शामिल होने से वे आक्रोशित हैं।
गोकुल सेतिया ने एक वीडियो बयान जारी कर पार्टी नेतृत्व से सवाल किया कि संदिग्ध विधायकों के नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किए जा रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बेबुनियाद खबरों से उनकी छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
इस मुद्दे को लेकर सेतिया ने 19 मार्च को सुबह 10 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित कांग्रेस मुख्यालय में धरना देने की घोषणा की है। उन्होंने पार्टी के सभी विधायकों से इस धरने में शामिल होने की अपील भी की है।
गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की गोकुल सेतिया से मुलाकात भी चर्चा में रही, जिसके बाद से अटकलों का दौर तेज हो गया। हालांकि, सेतिया ने इन मुलाकातों को महज सामाजिक बताया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस उनके लिए परिवार की तरह है और वे किसी भी तरह की बगावत नहीं कर रहे। साथ ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व से मांग की कि अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि संगठन मजबूत बना रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







