Home Haryana हैप्पी कार्ड योजना: हरियाणा में गरीब परिवारों को 1000 किमी तक मुफ्त...

हैप्पी कार्ड योजना: हरियाणा में गरीब परिवारों को 1000 किमी तक मुफ्त बस यात्रा

10
0

नूंह | हरियाणा सरकार ने आम लोगों को सस्ती और सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘हैप्पी कार्ड’ योजना को लागू किया है। इस योजना के तहत अब वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम वाले परिवारों को हरियाणा रोडवेज बसों में हर साल 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

हरियाणा रोडवेज नूंह के महाप्रबंधक कुलदीप जांगड़ा ने बताया कि इस पहल का मकसद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को राहत देना और उनकी रोजमर्रा की यात्रा को आसान बनाना है। उन्होंने कहा कि हैप्पी कार्ड के जरिए पात्र परिवारों को पारदर्शी और डिजिटल तरीके से इस सुविधा का लाभ मिल रहा है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है, जहां सरकारी बसों में ओपन लूप टिकटिंग प्रणाली लागू की गई है। इस व्यवस्था के तहत यात्री अपने बैंक कार्ड, डेबिट या क्रेडिट कार्ड और अन्य डिजिटल माध्यमों से सीधे टिकट का भुगतान कर सकते हैं।

इस नई प्रणाली से न केवल नकद लेन-देन की जरूरत कम हुई है, बल्कि यात्रियों को लंबी कतारों से भी राहत मिली है। साथ ही, टिकटिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल हो गई है।

अधिकारियों ने पात्र लोगों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द हैप्पी कार्ड बनवाकर इस योजना का लाभ उठाएं। सरकार का कहना है कि भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा के लिए ऐसे नवाचार जारी रहेंगे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here