Home Haryana कुरुक्षेत्र की बेटी निधि बंसल तीसरे प्रयास में गुजरात में बनी सिविल...

कुरुक्षेत्र की बेटी निधि बंसल तीसरे प्रयास में गुजरात में बनी सिविल जज

17
0

कुरुक्षेत्र  | हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद की रहने वाली निधि बंसल ने गुजरात न्यायिक सेवा परीक्षा 2025 उत्तीर्ण कर सिविल जज बनने का गौरव हासिल किया है। तीसरे प्रयास में मिली इस सफलता से उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

निधि बंसल शाहाबाद की कुम्हारों वाली गली की निवासी हैं। उनकी शुरुआती शिक्षा शाहाबाद के आर्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल से हुई, जहां से उन्होंने वर्ष 2008 में 12वीं कक्षा पास की। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2011 में आर्य कन्या कॉलेज, शाहाबाद से बी.कॉम की डिग्री प्राप्त की। इसी दौरान उन्होंने न्यायिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया।

उच्च शिक्षा के लिए निधि ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से वर्ष 2014 में एलएलबी और वर्ष 2017 में एलएलएम की डिग्री हासिल की।

निधि बंसल का विवाह वर्ष 2017 में राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी कार्तिक बंसल के साथ हुआ। उनके पति आयकर विभाग में आईटी इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती गुजरात में है। परिवार के मेहसाणा में रहने के कारण निधि ने वर्ष 2024 से मेहसाणा जिला अदालत में वकालत शुरू की, जहां उन्हें न्यायिक कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव मिला।

निधि बंसल ने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था। उन्हें पहले दो प्रयासों में असफलता का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी। आखिरकार तीसरे प्रयास में उन्होंने सफलता हासिल कर ली।

उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने पति और परिवार के सहयोग को दिया। निधि का कहना है कि सफलता के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता। जीवन में असफलताएं आती हैं, लेकिन धैर्य और मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहने से लक्ष्य अवश्य हासिल किया जा सकता है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here