Home Haryana हरियाणा में मौसम बदलेगा करवट, तेज हवाओं व बारिश को लेकर येलो...

हरियाणा में मौसम बदलेगा करवट, तेज हवाओं व बारिश को लेकर येलो अलर्ट

16
0

हिसार। हरियाणा में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, हल्की बारिश और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के अनुसार 14 से 16 मार्च के बीच प्रदेश में मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक तेज अंधड़ के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी और हल्की ओलावृष्टि हो सकती है। गुरुवार को पड़ोसी राज्य पंजाब के अमृतसर, पठानकोट और गुरदासपुर में मौसम में बदलाव के साथ बारिश दर्ज की गई, जिसका असर हरियाणा के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।

प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पलवल में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अन्य जिलों में भी तापमान में लगभग 3.7 डिग्री सेल्सियस तक कमी आई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार फरवरी और मार्च की शुरुआत में कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं होने के कारण उत्तरी पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी नहीं हुई और हरियाणा समेत मैदानी क्षेत्रों में बारिश भी नहीं हुई। इसी वजह से दिन का तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि रात का तापमान 16 से 22.8 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।

अब एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 14 से 16 मार्च के बीच मौसम में बदलाव की संभावना है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या छिटपुट ओलावृष्टि हो सकती है।

मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। जिन किसानों ने फसल की कटाई कर ली है, उन्हें अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। साथ ही मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही कृषि कार्य करने की अपील की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के अंतिम सप्ताह और अप्रैल की शुरुआत में भी 3 से 4 सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना बन रही है, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here