Home Haryana महेंद्रगढ़ में गर्मी का कहर: नौतपा से पहले ही पारा 45 डिग्री...

महेंद्रगढ़ में गर्मी का कहर: नौतपा से पहले ही पारा 45 डिग्री के पार, बाजारों में पसरा सन्नाटा

132
0

नारनौल  |  नौतपा की शुरुआत 25 मई से मानी जा रही है, लेकिन महेंद्रगढ़ जिले में भीषण गर्मी ने इससे पहले ही दस्तक दे दी है। मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में अब तक का सर्वाधिक रहा। लगातार चढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दोपहर के वक्त सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है और लोग जरूरी कामों के अलावा घर से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।

राज्य में सबसे गर्म रहा रोहतक, महेंद्रगढ़ दूसरे नंबर पर

हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में रोहतक का तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि महेंद्रगढ़ 45 डिग्री के साथ दूसरे और हिसार 44.8 डिग्री के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

हीटवेव और लू का असर तेज

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन के अनुसार, थार रेगिस्तान की ओर से आने वाली गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। दिनभर 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पश्चिमी हवाएं दोपहर में लू का रूप ले रही हैं, जिससे लोग झुलसा देने वाली गर्मी का सामना कर रहे हैं। वातावरण की नमी भी लगातार कम हो रही है, जिससे राहत के आसार नहीं हैं।

बीमारियों का बढ़ता खतरा

गर्मी के साथ ही डायरिया, टाइफाइड, पेट की बीमारियां और डिहाइड्रेशन के मामले बढ़ने लगे हैं। डॉक्टर लोगों को साफ-सुथरा और हल्का भोजन करने, तरल पदार्थों का ज्यादा सेवन करने और धूप में बाहर निकलते समय गमछा या टोपी पहनने की सलाह दे रहे हैं।

पशु-पक्षी भी बेहाल, शीतल पेय की मांग बढ़ी

सिर्फ इंसान ही नहीं, बल्कि गर्मी से पशु-पक्षी भी परेशान नजर आ रहे हैं। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग गन्ने का रस, शिकंजी, आइसक्रीम जैसे शीतल पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। इसी के चलते इन चीजों की बिक्री में भी खासा इजाफा देखा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here