Home Haryana हरियाणा में बढ़ती गर्मी के बीच 14 मार्च से मौसम बदलने के...

हरियाणा में बढ़ती गर्मी के बीच 14 मार्च से मौसम बदलने के आसार

14
0

चंडीगढ़  | हरियाणा में मार्च के दूसरे सप्ताह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे दोपहर के समय गर्म हवाएं चलने लगी हैं। प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है, जिससे लोगों को समय से पहले गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के छह जिलों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है, जो सामान्य से लगभग 7.5 डिग्री ज्यादा है। वहीं औसत न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद यह सामान्य से करीब 5.1 डिग्री अधिक बना हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मार्च के दौरान सामान्य तौर पर अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री के बीच होना चाहिए, लेकिन इस समय अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। 14 मार्च से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इसके अगले दिन यानी 15 मार्च को यह गतिविधि पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे बढ़ती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

बुधवार को प्रदेश में नारनौल सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सोनीपत में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री दर्ज किया गया। फिलहाल मौसम विभाग ने आज और कल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here