चरखी दादरी। जिले में एक बार फिर कोरोना वायरस ने दस्तक दी है। सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात एक डॉक्टर और एक नर्स के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। दोनों स्वास्थ्य कर्मियों को होम आइसोलेट कर दिया गया है और अस्पताल प्रशासन ने एहतियाती कदमों को तेजी से लागू करना शुरू कर दिया है।
सिविल अस्पताल में दो केस आने के बाद विशेष इंतजाम
सिविल अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. राहुल अरोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना संक्रमण के दो नए मामलों के सामने आने के बाद अस्पताल पूरी तरह सतर्क है। अलग से फ्लू वार्ड स्थापित किया गया है, जहां ओपीडी में आने वाले मरीजों के रैपिड टेस्ट किए जा रहे हैं। साथ ही 14 बेड वाले विशेष आइसोलेशन वार्ड को सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
डॉ. अरोड़ा ने बताया कि अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट पूरी तरह सक्रिय है और वेंटिलेटर व कोरोना टेस्ट किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लोगों को सावधानी बरतने और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील की गई है। साथ ही मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने और नियमित हाथ धोने जैसी गाइडलाइंस को पालन करने की सलाह दी गई है।
नए वेरिएंट के साथ बढ़ा खतरा
बता दें कि हाल ही में कोरोना के नए वेरिएंट की पुष्टि के बाद देशभर में संक्रमण के मामलों में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ऐसे में चरखी दादरी में दो स्वास्थ्यकर्मियों का संक्रमित पाया जाना चिंता का विषय है, और स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ाते हुए निगरानी तेज कर दी है।







