अम्बाला, 15 फरवरी-:अम्बाला छावनी में स्थित प्राचीन हाथी खाना कैलाश मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर चित्रा सरवारा ने भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा अर्चना की और अम्बाला के साथ-साथ पूरे हरियाणा के लोगों के कल्याण की मंगलकामना की। उन्होंने मंदिर में भगवान शंकर की पिंडी पर जल चढ़ाकर आशीर्वाद लिया। पूजा के बाद गद्दीनशीन श्री श्री 108 महंत श्री मनमोहन दास जी महाराज ने उन्हें भोलेनाथ का प्रसाद देकर आशीर्वाद दिया।
मंदिर की स्थापना 1844 में मुगल शासन के दौरान हुई थी। उस समय यहां फौज के हाथी बांधे जाते थे और साधु-संतों का डेरा भी था। संस्थापक श्री श्री 1008 महंत श्री जय राम दास जी महाराज से लेकर उनके शिष्य श्री श्री 108 महंत श्री राम सेवक दास जी महात्यागी, श्री श्री 108 महंत श्री केशो दास जी महाराज और श्री श्री 108 महंत श्री काशी दास जी महाराज ने मंदिर का कार्यभार संभाला। वर्तमान में श्री श्री 108 महंत श्री मनमोहन दास जी महाराज मंदिर गद्दीनशीन हैं।मंदिर परिसर में 40 फुट ऊंची अर्धनारीश्वर की मूर्ति मुख्य आकर्षण है। इसके अलावा माता शीतला, संतोषी माता, राधा-कृष्ण, गणेश, गौरी-शंकर, हनुमान, सरस्वती और मारकंडेय सहित अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित हैं। मंदिर में हमेशा जलती रहने वाली अखंड ज्योति भी है।
चित्रा सरवारा ने कहा कि सावन और शिवरात्रि के दौरान यहां भक्तों की भारी भीड़ जुटती है। जो भक्त 40 दिन तक नंगे पांव जल चढ़ाते हैं, उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मंदिर अपनी धार्मिक महत्ता और भक्तों की आस्था के कारण अम्बाला और आसपास के क्षेत्रों में विशेष पहचान रखता है।






