Home Haryana पुरानी सब्जी मंडी में भीषण आग, तीन मंजिला दुकान जलकर खाक, लाखों...

पुरानी सब्जी मंडी में भीषण आग, तीन मंजिला दुकान जलकर खाक, लाखों का नुकसान

14
0

करनाल,16 फरवरी-:हरियाणा के करनाल शहर की पुरानी सब्जी मंडी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक किरयाने की तीन मंजिला दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगते ही बाजार में धुआं फैल गया और आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग सबसे पहले दुकान के बेसमेंट में लगी, जहां भारी मात्रा में राशन का स्टॉक रखा हुआ था। दुकान में दालें, घी, तेल, ड्राई फ्रूट और अन्य किरयाने का सामान बड़ी मात्रा में भरा था। कुछ ही देर में लपटें इतनी तेज हो गईं कि आग बेसमेंट से निकलकर पहली और दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। पूरे भवन में धुआं भर गया, जिससे हालात और भी गंभीर हो गए।स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले बाजार के कारण राहत कार्य में भी दिक्कतें आईं।करीब लंबे प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन व्यापारी वर्ग में भारी चिंता का माहौल है।जांच अधिकारी बलवान सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है, हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं पड़ोसी दुकानदार अजय बंसल ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहे हैं। घटना ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्थाओं और बिजली फिटिंग की जांच की जरूरत को फिर उजागर कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here