Home Crime अंबाला में नशा तस्करों पर सख्ती, अवैध संपत्तियां भी होंगी अटैच: डीएसपी

अंबाला में नशा तस्करों पर सख्ती, अवैध संपत्तियां भी होंगी अटैच: डीएसपी

8
0

अंकुर कपूर , अंबाला: हरियाणा के अंबाला जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी है। अब केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को भी अटैच और सील करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यदि कोई पुलिसकर्मी भी इसमें शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।

अंबाला कैंट के डीएसपी कुलदीप सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अंबाला मंडल के आईजी पंकज नैन और पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत थाना पुलिस और सीआईए की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं।

डीएसपी ने बताया कि अब एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें अटैच करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित संपत्तियों को सील करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी, ताकि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

उन्होंने कहा कि जिले में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने सक्रिय नशा तस्करों की सूची तैयार की है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य जिले से नशे के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करना है।

डीएसपी कुलदीप सिंह ने लोगों से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है, जो युवाओं और पूरे समाज को बर्बादी की ओर ले जा रही है। इसी को देखते हुए पुलिस जागरूकता अभियान भी चला रही है, ताकि लोग नशे के खिलाफ खुलकर आगे आएं।

उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक के पास नशा तस्करों से जुड़ी कोई भी सूचना है तो वह सीधे उन्हें या पुलिस अधीक्षक को फोन कर सकता है। सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

डीएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जांच के दौरान कोई पुलिसकर्मी नशा तस्करों की मदद करता हुआ पाया गया तो उसे भी किसी प्रकार की राहत नहीं मिलेगी। ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें सख्त सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने दोहराया कि अंबाला पुलिस जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here