Faridabad,11 January-:मंत्री राजेश नागर ने अपने अशोका एन्क्लेव कार्यालय में आयोजित खुले दरबार में जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुना और बिजली अधिकारियों व जल निकासी विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।स्थानीय लोगों ने मंत्री को बताया कि बिजली फॉल्ट सही नहीं किए जाते, ओवरलोडेड ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाते और फोन भी नहीं उठाए जाते। इसके बाद मंत्री ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दें, अन्यथा सख्त कार्रवाई होगी।
जनता की समस्याओं का किया तुरंत समाधान का निर्देश
पल्ला गांव की हरिजन बस्ती के निवासियों ने जलभराव की समस्या उठाई। मंत्री नागर ने मौके पर मुआयना कराने और रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए। इसके अलावा संतोष नगर, अजय कॉलोनी, सूर्य विहार पार्ट 2, बाबा सूरदास कॉलोनी तिलपत, न्यू तिलपत कॉलोनी, बांके बिहारी कॉलोनी और अन्य क्षेत्रों के लोगों ने नालियों, पुलों और सीवर की मरम्मत की मांग की।मंत्री नागर ने कहा कि दरबार में आए सभी लोग मेरे स्वजन हैं, और उनके सुख-दुख में मैं हमेशा शामिल रहता हूं। उन्होंने अधिकारियों को रोजमर्रा के कार्यों में देरी न करने और बड़े प्रोजेक्ट्स की रिपोर्ट जल्द तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और मंडल अध्यक्ष भी मौजूद रहे।







