चंडीगढ़। हरियाणा सरकार प्रदेश में खेल अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि खेल विभाग के माध्यम से प्रदेशभर के स्टेडियमों की मरम्मत, नवीनीकरण और आधुनिकीकरण के लिए 114 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इस पहल से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और राज्य की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
491 करोड़ की लागत से विकसित होगी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राई
खेल राज्य मंत्री ने जानकारी दी कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राई (सोनीपत) को 491 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। यह यूनिवर्सिटी केवल शैक्षणिक संस्थान नहीं होगी, बल्कि भावी ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने का प्रमुख केंद्र बनेगी।
यूनिवर्सिटी में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल मैदान, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, खिलाड़ियों के लिए आवास और पोषण संबंधी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
समीक्षा बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर पर मंथन
गौरव गौतम शुक्रवार को पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में खेल विभाग, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राई (सोनीपत) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान अत्याधुनिक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की ड्राइंग और डिजाइन को अंतिम रूप देने पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश
खेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को उत्कृष्ट और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में उन्होंने निर्देश दिए कि डिप्टी डायरेक्टर स्तर के अधिकारी अपने-अपने जिलों के स्टेडियमों का महीने में कम से कम दो बार औचक निरीक्षण करेंगे, ताकि कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा सके।
इस निवेश से न केवल स्टेडियमों की तस्वीर बदलेगी, बल्कि हरियाणा की पहचान एक अग्रणी खेल राज्य के रूप में और मजबूत होगी।







