Palwal,4January-:पलवल जिले की हथीन सीआईए टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 7 हजार रुपये के इनामी और कुख्यात बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।आरोपी पर अलग-अलग राज्यों में करीब 38 संगीन मुकदमे दर्ज हैं।इस संबंध में डीएसपी पलवल मनोज वर्मा ने प्रेस वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
पलवल पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई का खुलासा करते हुए डीएसपी पलवल मनोज वर्मा ने बताया कि सीआईए (एवीटी) हथीन प्रभारी दीपक गुलिया की टीम ने शनिवार रात एक कुख्यात अंतरराज्यीय बदमाश को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। आरोपी दिल्ली,राजस्थान,उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सक्रिय लूट-डकैती गिरोह का सरगना है।डीएसपी ने बताया कि सीआईए हथीन प्रभारी दीपक गुलिया को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि गांव खिल्लुका निवासी मुश्ताक उर्फ हुकड़ी बिना नंबर की अपाचे बाइक पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से केएमपी एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाला है।आरोपी गोकशी, लूट और डकैती जैसे दर्जनों मामलों में वांछित था और उस पर पुलिस इनाम घोषित कर चुकी थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुराकसर रोड बाईपास पर नाकाबंदी की।रात करीब नौ बजे जब बाइक सवार मुश्ताक को रुकने का इशारा किया गया,तो वह तेज रफ्तार से भागने लगा। पुलिस ने सरकारी वाहन से उसका पीछा किया। कोंडल गांव के खेतों में उबड़-खाबड़ रास्ते पर उसकी बाइक फिसल गई और वह गिर पड़ा।खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।गोली पुलिस की सरकारी गाड़ी के बंपर पर लगी।पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने दोबारा फायर किया। इसके बाद सीआईए हथीन प्रभारी पी/एसआई दीपक गुलिया और एसआई मोहम्मद यासिर ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की,जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी।घायल होने के बाद आरोपी को काबू कर लिया गया। उसके कब्जे से एक पिस्टल,मैगजीन,जिंदा कारतूस और बिना नंबर की सफेद अपाचे बाइक बरामद की गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीएसपी मनोज वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली,राजस्थान,उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लूट-डकैती, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट,किडनैपिंग और अवैध हथियार रखने सहित 38 से अधिक मामले दर्ज हैं।कई मामलों में वह अदालत से भगोड़ा (PO)भी घोषित है। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने,जान से मारने की नीयत से फायरिंग और अवैध हथियार रखने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।







