अम्बाला, 20 अगस्त ( TSN)- हरियाणा सरकार के आदेशों के बाद आज से अंबाला के सरकारी स्कूल के छात्रों ने जय हिंद से अभिवादन शुरू किया. प्रदेश शिक्षा मंत्री द्वारा स्कूली विद्यार्थियों के लिए आदेश जारी किए गए थे, जिसमें विद्यार्थियों को अब स्कूलों में गुड मॉर्निंग या गुड आफ्टरनून की जगह जय हिंद बोलना होगा। यह आदेश 15 अगस्त के बाद से लागू होने थे और छुट्टियों के बाद आज स्कूल खुले, तो अंबाला के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों ने अब सभी को अभिवादन जय हिंद के साथ किया।
अंबाला शहर के सरकारी स्कूल में भी विद्यार्थियों ने आज सुबह स्कूल जाकर अपने अध्यापिकाओं को क्लास में आने पर जय हिंद के साथ अभिवादन किया. इस दौरान बच्चों में देशभक्ति की भावना भी देखने को मिली। इस बारे में जब विद्यार्थियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें उनकी अध्यापिकाओं ने जय हिंद बोलने के लिए कहा है इसलिए अब से वह हर एक को जय हिंद के साथ ही अभिवादन करेंगे इससे उनमें देशभक्ति की भावना बढ़ेगी और देश के प्रति उनका प्रेम और जागेगा।







