Home Haryana देश का पहला हाइड्रोजन गैस प्लांट दो माह में होगा तैयार, जींद-सोनीपत...

देश का पहला हाइड्रोजन गैस प्लांट दो माह में होगा तैयार, जींद-सोनीपत के बीच जल्द दौड़ेगी हाइड्रोजन ट्रेन

213
0

जींद | देश के पहले हाइड्रोजन गैस प्लांट का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और इसे आगामी दो महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही जींद और सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन पटरी पर दौड़ने लगेगी। इस ट्रेन का निर्माण कार्य चेन्नई में किया जा रहा है, जो लगभग पूरा होने के करीब है।

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक वर्मा ने आज जींद रेलवे स्टेशन और हाइड्रोजन प्लांट का दौरा किया। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि प्लांट का निर्माण कार्य तेज़ी से जारी है और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि जैसे ही प्लांट तैयार होगा, ट्रेन का ट्रायल भी शुरू कर दिया जाएगा।

महाप्रबंधक अशोक वर्मा ने जींद रेलवे स्टेशन पर कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं और सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन पर 17 कोच की मौजूदा वाशिंग लाइन को बढ़ाकर 23 कोच तक करने के आदेश दिए और अधिकारियों से इस विस्तार की तैयारियों को जल्द पूरा करने को कहा।

वाशिंग लाइन के विस्तार से ट्रेन रखरखाव में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है। जीएम वर्मा ने यह भी बताया कि जींद रेलवे जंक्शन के आधुनिकीकरण का कार्य अगस्त-सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। इस कार्य में मुख्य रूप से प्लेटफार्मों को जोड़ने वाला फुट ओवरब्रिज भी शामिल है, जिसका काम जल्द ही पूरा होगा।

फुट ओवरब्रिज को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में दो प्लेटफार्मों को जोड़ने का काम चल रहा है, और इस समय स्टेशन से बाहर निकलने या कोई अतिरिक्त निर्माण करने की आवश्यकता नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here