अंकुर कपूर, अंबाला। त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अंबाला रेल मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रियों को किसी भी मेडिकल इमरजेंसी में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी। रेलवे जल्द ही इनकी ड्यूटी का विस्तृत शेड्यूल जारी करेगा।
अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान दशहरा से एक-दो दिन पहले यात्रियों की संख्या बढ़नी शुरू हो जाती है और छठ पूजा तक स्टेशनों पर काफी भीड़ रहने की संभावना रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की योजना तैयार की है।
उन्होंने बताया कि मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर अधिकारियों और नोडल अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। मेडिकल टीमों की तैनाती भी इसी योजना का हिस्सा होगी। अधिकारियों की ड्यूटी का शेड्यूल तैयार है और एक-दो दिन में इसे जारी कर दिया जाएगा, जिसके बाद प्रत्येक स्टेशन पर तैनात किए जाने वाले डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की जानकारी स्पष्ट हो जाएगी।
रेलवे के अनुसार, अंबाला, चंडीगढ़, सहारनपुर, बठिंडा और सरहिंद जैसे स्टेशनों पर हर साल त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है। भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी से बचाने के लिए इन स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था की जा रही है।
सीनियर डीसीएम ने बताया कि भीड़ की निगरानी और व्यवस्था पर नजर रखने के लिए रेलवे का वॉर रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। स्टेशन पर भीड़ की स्थिति के अनुसार व्यवस्थाओं को तत्काल समायोजित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुचारू यात्रा सुविधा मिल सके।







