जींद | जुलाना से कांग्रेस विधायक और पूर्व रेसलर विनेश फोगाट ने बेटे के जन्म के सवा दो महीने बाद उसकी पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। फोटो में बच्चे के चेहरे पर इमोजी लगाया गया है।
विनेश ने बेटे का नाम ‘कृधव’ रखा है, जो कृष्ण और माधव शब्दों से मिलकर बना है। उन्होंने पोस्ट में लिखा—
“मेरे पिता ने हर पल कृष्ण भगवान को अपने जीवन में धारण किया है और आज वही भक्ति हमारे बेटे के नाम में जीवित है। ईश्वर करे उसका जीवन उसके नाम की तरह दिव्य और उसकी मुस्कान की तरह आनंदमय हो।”
पेरिस ओलंपिक से राजनीति तक
विनेश ने बेटे को 1 जुलाई को जन्म दिया था। यह उनकी ओर से बच्चे की पहली सार्वजनिक तस्वीर है।
खेल से राजनीति तक का सफर तय करने वाली विनेश ने 2024 के पेरिस ओलंपिक में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था। वह ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला रेसलर बनी थीं, लेकिन बाद में डिस्क्वालिफाई हो गईं। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और पहली ही बार में कांग्रेस की टिकट पर जुलाना से विधायक बनीं।







