गुरुग्राम। लंबे समय से गंदगी और अव्यवस्था के कारण चर्चाओं में रहने वाले गुरुग्राम में अब विदेशी नागरिकों ने ही शहर को स्वच्छ बनाने की कमान संभाल ली है। रविवार को करीब 20 विदेशी नागरिकों का एक समूह गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन के आसपास उतरा और खुद झाड़ू लगाकर नाले-सड़कों की सफाई शुरू कर दी।
यह सफाई अभियान सुबह से लेकर दोपहर तक चला। विदेशी नागरिकों का कहना था कि गुरुग्राम बेहद खूबसूरत शहर है, लेकिन गंदगी इसकी सुंदरता को बिगाड़ रही है। ऐसे में शिकायत करने के बजाय उन्होंने खुद गंदगी हटाने का कदम उठाया।
फ्रांसीसी महिला ने किया बड़ा बयान
सफाई अभियान में शामिल फ्रांस की मटिंदा और नजार समेत सर्बिया सहित कई देशों के लोग मौजूद थे। मटिंदा ने कहा – “गुरुग्राम एक बेहतरीन शहर है, लेकिन गंदगी इसकी खूबसूरती को कम कर देती है। इसे साफ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
15 दिन पहले बना ग्रुप
मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करने वाले अमन वर्मा ने बताया कि करीब 15 दिन पहले इस सफाई ग्रुप का गठन किया गया था। गुरुग्राम में कई विदेशी लोग भी काम करते हैं, इसलिए उन्होंने शहर को अपना घर मानते हुए इसमें सुधार का बीड़ा उठाया है।
विदेशी नागरिकों का यह कदम स्थानीय लोगों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है। उनका कहना है कि अगर हर कोई अपने स्तर पर आगे आए तो गुरुग्राम को स्वच्छ और खूबसूरत शहर बनाना मुश्किल नहीं है।







