नारनौल | उपतहसील खेड़ी जालब प्रशासन ने खरीफ 2021 में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित, लेकिन अब तक मुआवजा न पाने वाले किसानों को राहत देने का निर्णय लिया है। अब वंचित किसानों को भी मुआवजा लाभ मिल सकेगा।
उप-तहसील कार्यालय ने कहा कि यह वितरण कार्य कई गांवों में जारी है। जिन किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है, उन्हें 20 अगस्त 2025 तक अपना बैंक खाता और आधार कार्ड की फोटो पटवारी के पास जमा करवाने का निर्देश दिया गया है।
उप-तहसील के नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार ने चेतावनी दी कि समय पर दस्तावेज न जमा करने वाले किसानों को भविष्य में मुआवजा लेने में कठिनाई हो सकती है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अंतिम तिथि के बाद कोई नया आवेदन या दस्तावेज स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मुआवजा पाने वाले गांवों में कोथ कलां, कोथ खुर्द, कापड़ो, गंडास, खेडी जालब, खेडी लोहचब, हैबतपुर, राखी खास, राखी शाहपुर, गामड़ा, मिर्चपुर, किन्नर (गैबीनगर), नाड़ा, पनिहारी, सरसाना, सोथा और भाड़ा खेड़ा शामिल हैं।
किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते दस्तावेज जमा कर मुआवजे की आर्थिक सहायता सुनिश्चित करें।







