चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने आयुष्मान भारत योजना में इलाज रोकने वाले निजी अस्पतालों पर सख्ती शुरू कर दी है। हेल्थ प्रोटेक्शन अथॉरिटी को मिली शिकायतों के बाद राज्यभर में कई अस्पतालों को नोटिस जारी किए गए हैं।
नोटिस में कहा गया है कि अस्पताल 24 घंटे के भीतर जवाब दें, अन्यथा जुर्माना, निलंबन और योजना से बाहर करने की कार्यवाही होगी। स्वास्थ्य विभाग का साफ संदेश है कि गरीब मरीजों का इलाज रोकना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उधर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने हरियाणा सरकार पर भुगतान में देरी का आरोप लगाया है। आईएमए का कहना है कि अब तक केवल 25 प्रतिशत राशि जारी हुई है, जबकि बाकी रकम बकाया है। इसी कारण कई निजी अस्पतालों ने मरीजों का इलाज रोक दिया। इस मामले पर वीरवार को आईएमए की राज्य स्तरीय ऑनलाइन बैठक में बड़ा निर्णय होने की संभावना है।







