यमुनानगर | यमुनानगर जिले के साढोरा कस्बे में स्थित ऐतिहासिक गगड़वाला तालाब में रविवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव पानी में तैरता मिला। मृतक की पहचान साढोरा वार्ड नंबर 11 निवासी रामप्रकाश के रूप में हुई है। उनकी जेब से आधार कार्ड मिलने पर पहचान की पुष्टि हुई।
साढोरा थाना प्रभारी रोहतास कुमार ने बताया कि परिजनों ने कुछ दिन पहले रामप्रकाश की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। आज सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर के मोर्चरी हाउस भेजा गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले रामप्रकाश के जवान बेटे की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह गहरे सदमे में थे। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रामप्रकाश ने आत्महत्या की या उनकी किसी ने हत्या की है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।







