हरियाणा | हरियाणा के धान किसान अब पानी से भरे खेत में भी अपनी फसल आसानी से काट सकेंगे। इसका कारण है हेडफीड कंबाइन हार्वेस्टर, जो धान की फसल को जड़ से काटेगा और खेत में पराली जलाने की समस्या को भी खत्म करेगा।
मशीन की खासियत
एच-50 पनेसर नामक यह मशीन एक घंटे में एक एकड़ खेत की कटाई कर सकती है। साथ ही, धान निकालते समय चावल के दाने नहीं टूटेंगे। यह मशीन उत्तरी क्षेत्र कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान में कॉमर्शियल उपयोग के लिए अनुमोदित की गई है।पंजाब के बरनाला की पनेर कंपनी की यह मशीन तीन से चार महीने में बाजार में उपलब्ध होगी।
किसान को मिलेगा पूरा फायदा
कंपनी के निदेशक अमनदीप सिंह के मुताबिक, मशीन धान को जमीन से सटी काटती है और खेत में अवशेष नहीं छोड़ती। किसान को लंबी पराली मिलेगी, जिसका कई विकल्पों में इस्तेमाल किया जा सकेगा। मशीन पारंपरिक तरीके से काम करेगी और पानी भरे खेत में भी धान की कटाई सामान्य तरीके से कर सकेगी।
कीमत और सब्सिडी
कंपनी ने मशीन की कीमत 24-25 लाख रुपये तय की है। हालांकि, केंद्र सरकार से सब्सिडी मिलने पर यह कीमत 5 से 7 लाख रुपये तक रह सकती है, जिससे छोटे और मीडियम किसान भी इसे खरीद सकेंगे।







