करनाल | जिले में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। कैथल पुल के पास पश्चिमी यमुना नहर में एक कार गिर गई, जिसमें पति-पत्नी सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कार से महिला को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के पति का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
सीट बेल्ट बनी जानलेवा
प्रत्यक्षदर्शी और गोताखोर कर्ण ने बताया कि जब उन्होंने नहर में कार देखी तो तुरंत पानी में कूद गए। उन्होंने महिला को कार के अंदर देखा, लेकिन सीट बेल्ट बंधी होने के कारण उसे निकाल नहीं सके। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और अपने साथियों को बुलाया। बाद में महिला को निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
कार से मिले मोबाइल और चाबी
कार का एक शीशा टूटा हुआ मिला, जहां महिला बैठी थी। कार के अंदर दो मोबाइल फोन और चाबी भी बरामद हुई है। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
करनाल सिविल लाइन थाना प्रभारी श्रीभगवान ने बताया कि हादसे में शामिल कार सवार दंपती सेक्टर-13 के रहने वाले थे। चश्मदीदों के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे दोनों को कलंदरी गेट पर देखा गया था, जिसके बाद यह हादसा हुआ। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वे वहां से नहर की ओर क्यों आए थे।
फिलहाल, महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पति की तलाश जारी है। पुलिस घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।







