Home Haryana डंपर को रास्ता देते पलटी पिकअप, बाल-बाल बचे दो लोग

डंपर को रास्ता देते पलटी पिकअप, बाल-बाल बचे दो लोग

7
0

नारनौल। हरियाणा के नारनौल-कोटपूतली हाईवे पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। एनएच-148बी पर तेज रफ्तार डंपर को रास्ता देने के दौरान आम से लदी एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:25 बजे गांव अकबरपुर और भोजावास बस स्टैंड के बीच, टोल प्लाजा से करीब तीन किलोमीटर आगे नारनौल की ओर हुआ। नारनौल से आम लेकर कोटपूतली मंडी जा रही पिकअप के चालक ने पीछे से आ रहे डंपर को साइड देने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप पलट गई।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास सुबह सैर कर रहे स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पिकअप में फंसे चालक तथा उसके साथ मौजूद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को मामूली चोटें आईं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। बाद में स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से रास्ता साफ कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया। गनीमत यह रही कि पलटी हुई पिकअप की चपेट में कोई अन्य वाहन नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here