भिवानी | जिले के अमीरवार और बुढ़ेड़ा गांव के बीच वीरवार रात को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। ढिगावा से बुढ़ेड़ा लौट रहे पांच युवकों की कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
तेज रफ्तार ने ली चार की जान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब हुआ जब कार सवार पांच युवक ढिगावा गांव से लौट रहे थे। जैसे ही कार अमीरवार और बुढ़ेड़ा के बीच पहुंची, वह संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे पलट गई। मृतकों की पहचान गांव बुढ़ेड़ा के कर्मबीर, कोमल, राजेश और राकेश के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक अंकित को प्राथमिक इलाज के बाद PGI रोहतक रेफर कर दिया गया।
परिवार में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव बुढ़ेड़ा निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि मृतकों में से तीन – कर्मबीर, कोमल और अंकित – उसके चचेरे भाई-बहन थे। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है। यह हादसा एक बार फिर रफ्तार और लापरवाही की बड़ी कीमत की याद दिला गया है।







