भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) के तीसरे और अंतिम चरण के खत्म होते ही महज 5 मिनट में आंसर की वेबसाइट पर जारी कर दी। परीक्षा के तीनों चरणों में किसी तरह की अनियमितता सामने नहीं आई, जिस पर बोर्ड अधिकारियों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार और सचिव डॉ. मुनीष नागपाल ने बताया कि इस बार HTET में अभ्यर्थियों ने खासा उत्साह दिखाया। दो दिनों में आयोजित परीक्षा में कुल 4,05,380 अभ्यर्थियों में से 3,33,539 ने भाग लिया, जो कि 81.5% उपस्थिति दर है।
- पीजीटी लेवल-3 (बुधवार): 1,20,934 में से 1,00,559 परीक्षार्थी (83%)
- टीजीटी लेवल-2 (शुक्रवार): 2,01,518 में से लगभग 1,00,067 परीक्षार्थी
- पीआरटी लेवल-1 (रविवार): 82,917 में से करीब 66,000 परीक्षार्थी (80%)
बोर्ड के अनुसार, HTET का रिजल्ट अगस्त के तीसरे सप्ताह में घोषित किया जाएगा। वहीं, परीक्षार्थी 1 अगस्त से 3 अगस्त तक उत्तर कुंजी पर आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं। हर सवाल पर आपत्ति की फीस 1,000 रुपये रखी गई है। अगर आपत्ति सही पाई गई, तो न केवल अंक जोड़े जाएंगे बल्कि फीस भी लौटाई जाएगी।







