हिसार | हरियाणा में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियों में इजाफा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 और 7 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, जिसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं शनिवार से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर उत्तर भारत के मौसम पर साफ दिखाई देगा।
भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह शामिल हैं। बाकी जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने जानकारी दी कि 5 जुलाई को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान के बीच कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे मानसून टर्फ लाइन हरियाणा की ओर शिफ्ट हो सकती है, जिससे राज्य में बारिश की आवृत्ति और तीव्रता बढ़ेगी।
डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 6 से 10 जुलाई के बीच हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर में मानसून सक्रिय रहेगा। खासकर 6, 7 और 8 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है।







