रोहतक | अमेरिका में सक्रिय कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ के फर्जी पासपोर्ट मामले में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने उसके सहयोगी सचिन दहिया को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है, जो विदेश भागने की कोशिश में था। आरोपी ने मेक्सिको की नागरिकता हासिल कर रखी थी और वहीं से शूटरों को अवैध डंकी रूट से विदेश भेजने का नेटवर्क चला रहा था। अब पुलिस शनिवार को उसे कोर्ट में पेश करेगी।
सचिन मूल रूप से रोहतक की हरिसिंह कॉलोनी का रहने वाला है। भाऊ गैंग से उसके कनेक्शन का खुलासा पुलिस को उस वक्त हुआ जब एक जून को रिटौली गांव में गैंगस्टर अंकित उर्फ बाबा के चाचा अनिल की हत्या के मामले की जांच चल रही थी। इसी दौरान दिल्ली पुलिस ने इस हत्या में शामिल मदीना निवासी दीपक को एनकाउंटर में गिरफ्तार किया।
इसके बाद रोहतक सीआईए पुलिस ने 17 जून को दीपक को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की, जिसमें सचिन दहिया का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि सचिन ने पानीपत के आश्रम रोड पर भी एक मकान किराये पर लिया हुआ था। जैसे ही पुलिस का शिकंजा कसता गया, सचिन फरार होकर विदेश भागने की तैयारी में लग गया। इसी दौरान उसे मुंबई एयरपोर्ट से दबोच लिया गया।
पुलिस का कहना है कि वर्ष 2022 में हिमांशु उर्फ भाऊ ने दिल्ली से दुबई भागने के लिए मुरादाबाद (यूपी) निवासी कुनाल के नाम पर फर्जी पासपोर्ट बनवाया था। पूछताछ में सचिन ने कबूला कि करनाल निवासी अपने साथी बाबा की मदद से उसने करनाल और बरेली से ये फर्जी दस्तावेज बनवाए थे।
इसके बाद भाऊ दुबई से अमेरिका चला गया, और वहीं से हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर में कई संगीन अपराधों को अंजाम दिला रहा है। पुलिस ने उसके गिरोह से जुड़े 38 लोगों की पहचान कर ली है। इसी नेटवर्क का हिस्सा बनकर सचिन दहिया भी मेक्सिको से गैंग के शूटरों और अन्य सदस्यों को डंकी रूट से विदेश भेजने का धंधा चला रहा था।







