अंबाला | हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता (XEN) हरीश गोयल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई अंबाला स्थित एक क्लब में अनुचित व्यवहार को लेकर की गई है।
जानकारी के अनुसार, XEN हरीश गोयल सोमवार को एक क्लब में शॉर्ट्स पहनकर पहुंचे थे। जब क्लब स्टाफ ने उन्हें ड्रेस कोड का पालन करने के लिए विनम्रता से टोका, तो उन्होंने कथित तौर पर गुस्से में आकर क्लब का बिजली कनेक्शन ही कटवा दिया।
इस घटना की जानकारी क्लब प्रबंधन द्वारा मंगलवार सुबह ऊर्जा मंत्री अनिल विज तक पहुंचाई गई। मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया और अधिकारी को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि किसी भी अधिकारी को अपने पद का दुरुपयोग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी, चाहे वह कितने भी वरिष्ठ क्यों न हों। विभागीय आचरण और सार्वजनिक व्यवहार में अनुशासन जरूरी है।







