Home Crime रोडवेज बस में फर्जी पुलिस आईडी से यात्रा करने वाले युवक पर...

रोडवेज बस में फर्जी पुलिस आईडी से यात्रा करने वाले युवक पर पांच महीने बाद दर्ज हुआ केस

249
0

कैथल |  हरियाणा रोडवेज की बस में फर्जी पुलिस पहचान पत्र दिखाकर मुफ्त यात्रा करने वाले युवक के खिलाफ करीब पांच महीने बाद मामला दर्ज किया गया है। यह केस रोडवेज महाप्रबंधक कमलजीत सिंह की शिकायत पर तितरम थाने में दर्ज हुआ है। आरोपी की पहचान सिरसा जिले के ऐलनाबाद निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है।

26 जनवरी को पकड़ा गया था फर्जीवाड़ा

शिकायत के मुताबिक, कैथल रोडवेज की फ्लाइंग टीम के इंस्पेक्टर रणबीर सिंह और बलबीर सिंह 26 जनवरी को तितरम मोड़ पर टिकट जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान चंडीगढ़ से फतेहाबाद जा रही एक रोडवेज बस को रोका गया और यात्रियों के टिकट चेक किए गए।

एक युवक ने खुद को हरियाणा पुलिस का जवान बताते हुए एक पहचान पत्र दिखाया, लेकिन शक होने पर दस्तावेज की जांच की गई। जांच में सामने आया कि वह पहचान पत्र स्कैन किया हुआ और पूरी तरह से फर्जी था।

जब्त किए गए दस्तावेज, पंचकूला से हुई पुष्टि

टीम ने युवक के फर्जी पहचान पत्र और आईडी को जब्त कर लिया था और सत्यापन के लिए पंचकूला स्थित पुलिस विभाग को भेजा गया। जांच के बाद 3 मार्च को रिपोर्ट तितरम थाना पहुंची, जिसमें पहचान पत्र को फर्जी करार दिया गया।

केस दर्ज, एसआई सुभाष को सौंपी गई जांच

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच उप निरीक्षक सुभाष को सौंपी गई है, जो आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटे हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here